अंबिकापुर : व्यवसायी के पुत्र की गोली मारकर हत्या, कार में शव मिलने से मची सनसनी

अंबिकापुर : नगर के बड़े व्यवसायी और अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज के संचालक के पुत्र का शव गांधीनगर थानाक्षेत्र के चठिरमा में जंगल किनारे मिला है। जानकारी के अनुसार युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। बता दें युवक बीती शाम से लापता था। पुलिस ने इस मामले में अंबिका स्टील के पूर्व कर्मचारी को हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज के संचालक महेश केडिया का पुत्र अक्षत अग्रवाल (25) बीती शाम अपनी हुंडई कार लेकर घर से निकला था। शाम 6.30 बजे करीब उसका फोन बंद हो गया। परिजन परेशान होकर उसकी तलाश में जुटे थे। देर रात तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई।

आज बुधवार की सुबह चठिरमा गौशाला से लगे जंगल के पास हुंडई कार संदिग्ध अवस्था में मिली जिसमें युवक का शव मृत अवस्था में ड्राइवर की सीट पर मिला। आस पास के लोगों ने इसकी सूचना गांधीनगर पुलिस को दी। इस मामले में पुलिस ने एक संदेही संजीव मंडल नामक युवक को हिरासत में लिया है। मंगलवार को अक्षत केडिया के साथ संजीव मंडल को कार में देखा गया था। बता दें कि संजीव मंडल पूर्व में अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज में काम करता था।

खबर को शेयर करें