BALOD NEWS | पत्नी को बेड पर लिटाया, हाथ-पैर बांध दिए और ले ली जान

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र के चिटौद गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने अपनी पत्नी पर अफेयर का शक जताते हुए उसे बेड पर लिटाया, उसके हाथ-पैर साड़ी से बांध दिए और फिर गमछे से गला घोंटकर जान ले ली। घटना 10 अक्टूबर की बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका के रिश्तेदार मुकेश कुमार टांडे ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मुकेश ने बताया कि अर्जुन ने अंजलि को घर के कमरे में ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया। जब अंजलि शाम तक कहीं नहीं मिली, तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बाद में जब मुकेश ने पुलिस को सूचित किया, तो पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जाकर जांच की।

पुलिस ने जब आरोपी के घर का दौरा किया, तो उन्हें अंजलि का शव पलंग पर मिला, उसके हाथ और पैर बंधे हुए थे। इस खौफनाक नजारे ने सभी को चौंका दिया। अंजलि की हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अर्जुन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक बालोद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा को निर्देश दिए कि वे आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश में तेजी से काम किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने पर, अर्जुन ने अपने मेमोरण्डम कथन में पत्नी की हत्या की बात स्वीकार कर ली।

ये भी पढ़ें :-  छत्तीसगढ़ किताब घोटाला | हिंदू हाईस्कूल से हजारों की संख्या में किताबें कबाड़ पड़ी मिली ; विकास उपाध्याय ने फिर दबिश देकर किया खुलासा
खबर को शेयर करें