शिकंजे में अंसल ग्रुप के प्रिंस : दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया

नई दिल्ली:

 धोखाधड़ी के आरोपी अंसल ग्रुप के मालिक सुशील अंसल और उसके बेटे प्रणव अंसल को इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया। दोनों के खिलाफ लखनऊ पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया था। बताया जा रहा है कि दोनों भारत छोड़कर लंदन भागने की फिराक में थे।

धोखाधड़ी के लगभग दो दर्जन मामले प्रणव अंसल के खिलाफ दर्ज हैं। अपने ऊपर लगातार दर्ज हो रहे मामलों के चलते दोनों ही भारत छोड़कर लंदन भागने की फिराक में थे। मगर, उनके इस कदम उठाने के पहले ही लखनऊ पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी कर दिया था।

अंसल ग्रुप ने गरीबों के साथ ही सेना के जवानों के साथ भी घोखाधड़ी कर लाखों रुपए हड़पे हैं। इसके बाद कई पीड़ितों ने सामने आकर अंसल मालिकों के खिलाफ इस मामले केस दर्ज करवाया था। गिरफ्तार होने की सूचना मिलने पर लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने विभूति खंड थाने की टीम को दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना किया।

प्रणव अंसल के विरूद्ध विभूतिखण्ड थाने में एफआईआर दर्ज है। बताया जा रहा है कि लखनऊ पुलिस द्वारा जारी किए गए लुक आउट नोटिस से दोनों अंजान थे। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने दोनों के खिलाफ इसलिए लुक आउट नोटिस जारी करवाया था, क्योंकि दोनों के खिलाफ लगातार मामले दर्ज हो रहे थे और अंदेशा था कि वे देश छोड़कर फरार हो सकते हैं।

खबर को शेयर करें