राजधानी रायपुर में CAA – NRC के समर्थन में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी भाजपा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सीएए और एनआसी को लेकर भाजपा 22 जनवरी को बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। रायपुर में होने वाले महासम्मेलन का नेतृत्व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। सम्मेलन के बहाने भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि प्रदेश में सत्ता नहीं होने के बावजूद संगठन सक्रिय है।

इसके लिए भाजपा ने सभी मंडलों को टार्गेट दिया है। मंडल स्तर पर बड़े नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही पूर्व मंत्री, विधायकों को भी निर्देश दिया गया है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। एनआरसी और सीएए पर भाजपा ने जनता को जागरूक करने का फैसला लिया है।

22 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी हिंद स्पोर्टिंग मैदान से धरना स्थल बूढ़ापारा तक रैली निकालेंगे। इस रैली में शिवराज सिंह के साथ भाजपा के बड़े नेता शामिल होंगे। रैली का समापन धरना स्थल पर होगा, जहां सीएए के समर्थन में भाजपा नेता पक्ष रखेंगे।

बताया जा रहा है कि अब तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में केंद्रीय नेताओं की सभा हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, फगन सिंह कुलस्ते सहित अन्य ने सीएए पर जागरूकता के लिए सभाएं की है। अब राजधानी में बड़ा प्रदर्शन करके भाजपा अपनी उपस्थिति दिखाएगी। रैली में शामिल होने के लिए युवाओं को जिम्मेदारी दी गई है।युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारी बाइक रैली निकालेंगे।

पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि कार्यकर्ता लगातार सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम से नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) का समर्थन कर रहे हैं। 22 जनवरी को सभी कार्यकर्ता अपने इष्ट मित्रों सहित बड़ी संख्या में पहुंचकर राष्ट्रवाद और मां भारती के प्रति अपनी श्रध्दा समर्पित करें।

देश में आज जो परिस्थिति हैं, असामाजिक एवं अराजक तत्व लगातार देश का वातावरण प्रदूषित करने में लगे हैं। लोगों को गुमराह कर सीएए का विरोध करने के लिए उकसा रहे हैं। ऐसे समय में हम सब राष्ट्रभक्त कार्यकर्ताओं का कर्तव्य बनता है कि हम देश विरोधी ताकतों को कुचल कर रख दें।

खबर को शेयर करें